हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र में नगला गजुआ के पास टेंपो से गिरे किसान को टैंकर ने कुचल दिया। किसान की मौके पर ही मौत हो गई। किसान की मौत की खबर से आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। आला अधिकारियों ने समझाकर जाम खुलवाया। हादसे के बाद भाग रहे टैंकर को पुलिस ने पकड़ लिया है।
मुरसान क्षेत्र के गांव दाऊदा निवासी रघुवीर ने कहा है कि उनका बेटा 50 वर्षीय चंद्रपाल उर्फ पप्पू किसान था। वह सोमवार सुबह दवा लेने टेंपो से मुरसान से हाथरस जा रहा था। इसी बीच टेंपो को
सातबरामई प्याऊ के पास हाथरस की ओर से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने ओवरटेक किया। इसी दौरान टेंपो के बाहर लटक रहा पप्पू नीचे गिर गया और टैंकर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक टैंकर लेकर भाग निकला। इससे मौके पर इकट्ठा हुए ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने जाम लगा दिया। जाम लगने की खबर पर सीओ सिटी आरके गौतम, एसडीएम राकेश गुप्ता, तहसीलदार कमलेश गोयल, इंस्पेक्टर हाथरस गेट रजनेश तिवारी मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों को समझाया। ग्रामीण आरोपी चालक को पकड़े जाने की जिद पर अड़े हुए थे।
मौके पर पहुंचे चेयरमैन देशराज सिंह ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इधर, पुलिस ने कंचना फाटक पर टैंकर को पकड़ लिया लेकिन मौके से आरोपी चालक भाग निकला। सीओ आरके गौतम का कहना है कि मृतक के भाई कुंवरपाल की शिकायत पर आरोपी चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश जारी है।
कैसे होगी सात बेटियों की देखरेख
चंद्रपाल की मौत के बाद पूरा परिवार रो-रोकर बेहाल है। चंद्रपाल की आठ संतानें हैं जिनमें सात बेटियां हैं और एक बेटा है। सोमवार को हादसे के बाद हर किसी की जुबान पर यही बात थी कि आखिर किस तरह चंद्रपाल की सात बेटियों की शादी हो सकेगी। बेटे के कंधे पर कम उम्र में ही परिवार का बोझ आ जाने से भी परिजन बेहद दुखी थे।