सासनी के आशा नगर में बादमाशाें द्वारा जलाई गई कार को देखते लोग।
- फोटो : Amar Ujala
आशा नगर में शनिवार की देर रात पड़ोस में निर्माणाधीन मकान की दीवार फांदकर बदमाश पड़ोस के मकान में घुस गए और वहां से लाखों रुपये कीमत के सोने चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। बदमाशों ने मकान में खड़ी सेंट्रो कार और बाइक को भी आग लगा दी और मौके से भाग गए। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने हिम्मत कर आग पर काबू पाया। पीड़ित ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दे दी है।
कस्बा से सटी ग्राम पंचायत बिजाहरी के माजरा आशा नगर निवासी यासीन पुत्र सरफुद्दीन का आरोप है कि शनिवार की देर रात वह खाना खाकर परिवार के साथ मकान के अंदर सो रहा था। तभी अचानक पड़ोस में निर्माणाधीन मकान की दीवार फांदकर बदमाश उसके मकान में घुस आए और मकान के अंदर रखे सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी चोरी कर ले गए। जाते समय बदमाश मकान के अंदर खड़ी सेंट्रो कार एवं होंडा साइन बाइक में आग लगा गए। आग की लपटें देखकर पड़ोसियों की नींद खुल गई।
शोरगुल सुनकर मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। अग्निशमन विभाग की दमकल और यूपी 100 की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीण दौड़कर थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से आग पर काबू पाया। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है, जिसमें क्षति का आंकलन बाद में बताने की बात कही गई है।