बदायूं। शनिवार रात जिला अस्पताल के पेइंग वार्ड में एक स्टाफ नर्स का जन्मदिन मनाया गया, जिसमें पिज्जा पार्टी से लेकर जाम भी छलके। पूरा स्टाफ रातभर मदहोशी में छाया रहा। वहीं दूसरी ओर वार्डों में भर्ती मरीज रात भर दवा-गोली के लिए तरसते रहे। परंतु उन्हें देखने वाला कोई होश में नहीं था।
जिला अस्पताल के कर्मचारियों की लापरवाही लगातार बढ़ती जा रही है। अस्पताल प्रशासन तक उनकी शिकायतें भी पहुंच रहीं हैं। इसके बावजूद न कार्रवाई हो रही है और न ही कोई सुधार हो रहा है। दो दिन पहले पेइंग वार्ड में तैनात स्टाफ नर्स का सर्जिकल और इमरजेंसी में तैनात दो स्टाफ नर्स से जमकर विवाद हुआ था। नौवत मारपीट तक आ गई थी। उसका परिणाम यह रहा कि वह स्टाफ नर्सें वार्ड छोड़कर चली गईं। इससे मरीज रातभर इलाज के लिए तड़पते रहे। इस लापरवाही पर स्टाफ नर्सों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई कि शनिवार रात फिर मरीजों को तड़पते हुए गुजर गई। दरअसल जिला अस्पताल की एक स्टाफ नर्स का शनिवार रात जन्मदिन पेइंग वार्ड में मनाया गया। इसकी एक पार्टी दी गई और उस पार्टी में पिज्जा से लेकर कुछ अन्य खाने-पीने की चीजें भी आई थीं। पीने के शौकीन स्टाफ को शराब की व्यवस्था की गई। कई घंटे तक यह पार्टी चलती रही। स्टाफ के कर्मचारी शराब के नशे में मदहोश हो गए और कहीं एकांत में जाकर सो गए। परिणाम यह रहा कि रातभर मरीज और तीमारदार परेशान रहे। उन्हें रातभर इधर-उधर खोजते रहे। अगर यही हाल रहा तो अस्पताल में एक दिन बड़ा मामला होगा और उसका परिणाम भी गंभीर होगा।
हां, एक वार्ड में स्टाफ नर्स का जन्मदिन मनाया गया था। उनकी छोटी पार्टी थी। उसमें शराब भी पी गई थी, मुझे इसकी जानकारी नहीं है। अगर ऐसा हुआ तो मैं इसकी जांच करता हूं। मामला सही पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी कराई जाएगी।
डॉ. सुकुमार अग्रवाल, प्रभारी सीएमएस जिला अस्पताल