एक भिखारी ने एप्पल के कीमती लैपटॉप को कूड़े में मिलने की बात कहकर पुलिस को सकते में डाल दिया है। पुलिस भिखारी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
खुद को लहरा गांव का रहने वाला बता रहे भिखारी भुजंगी का कहना है कि उन्हें गांव के पास कूड़े के ढेर और घासफूस के पास यह लैपटॉप मिला है। देखने में तीन-चार साल पुराने लग रहे एप्पल के इस लैपटॉप की कीमत बाजार में हजारों में है। भिखारी ने भी इसे बेचकर कुछ रकम जुटाने की कोशिश की। वह नयागंज में एक दुकान पर लैपटॉप बेचने पहुंचा। भिखारी के हाथ में एप्पल कंपनी का लैपटॉप देखकर दुकानदार का माथा ठनका।
भिखारी केवल एक हजार रुपये में लैपटॉप देने की बात कह रहा था। दुकानदार ने होशियारी से काम लिया और भिखारी के लालच में नहीं आया। उसने तुरंत यूपी 100 को फोन किया और पूरी बात बताई। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी भिखारी और लैपटॉप को थाने ले आई।
भिखारी ने सड़कों से चुन-चुनकर जो सामान इकट्ठा किया था, वह भी थाने लाया गया। इस सामान की जांच-पड़ताल की गई। लैपटॉप की जांच सर्विलांस टीम से कराई जाएगी। लैपटॉप को कूड़े में फेंके जाने या उसके सड़क पर अचानक मिल जाने की बात पुलिस के गले नहीं उतर रही है। भिखारी को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।