सिकंदराराऊ रोड पर सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित भारत गैस के प्लांट के बाहर रविवार की सुबह उस समय बड़ा हादसा होने से बच गया, जब हाइटेंशन लाइन का तार टूटने से गैस से भरे एक टैंकर के टायरों में आग लग गई। पास खड़ी दूसरे टेंकर के टायर भी इसकी चपेट में आ गए।
चूंकि मौके पर गैस से भरे काफी टैंकर खड़े थे, इसलिए बड़े हादसे की आशंका से प्लांट प्रबंधन के अलावा आसपास की फैक्ट्रियों में भी भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन प्लांट के कर्मचारियों और ठेकेदारों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू किए और करीब पौन घंटे की मशक्कत के बाद आग को काबू कर लिया।
बताते हैं कि प्याला से बीपीसीएल की कई टैंकर एलपीजी लेकर बीपीसीएल के सलेमपुर प्लांट पहुंचे थे। प्लांट के अंदर इनको खाली कराने का काम चल रहा था। बताते हैं कि एक टैंकर प्लांट के पास पेट्रोल पंप से डीजल लेकर निकला और विद्युत लाइन के नीचे खड़ा कर दिया, तभी ऊपर से हाइटेंशन लाइन का तार टूटकर इसके पास गिरा, जिससे निकली चिंगारी से टायरों में आग लग गई। यह देखकर वहां मौजूद अन्य ट्रक चालकों में भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई।
बताते हैं कि पेट्रोल पंप का स्टाफ भी बड़े हादसे की आशंका से वहां से भाग छूटा। आग की खबर जैसे ही आसपास की फैक्ट्रियों तक पहुंची तो वहां भी भगदड़ मच गई। प्लांट में खतरे का सायरन बजा दिया गया। सूचना पर सलेमपुर पुलिस चौकी प्रभारी बहादुर सिंह भी मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने नगला रति, नगला कांच, सिंचावली कदीम, सिंचावली सासनी और बहेटा समेत आसपास के गांवों में आनन-फानन यह ऐलान कराया कि कोई अपने गैस चूल्हे या आग नहीं जलाए, वरना हादसा हो सकता है।
इधर, प्लांट की फायर फाइटिंग टीम भी आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गई। बताते हैं कि कर्मियों के हाथ-पांव तब और फूल गए, जब पास ही खड़े एक और टैंकर के टायर ने भी आग पकड़ ली। प्लांट के कर्मचारी हर्षित, इलेक्ट्रिशियन राकेश राना और ठेकेदार विजय सिंह समेत काफी कर्मचारियों ने प्लांट से पाइप निकालकर पानी की बौछार शुरू कर दी। फायर ब्रिगेड की दमकल भी बुलवा ली गई। करीब पौन घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने आग को बुझा लिया। इस दौरान सिकंदराराऊ रोड पर काफी देर तक ट्रैफिक भी रुका रहा।