एनएच 91 (जीटी रोड) पर मां-बेटी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला ठंडा ही नहीं पड़ा था कि बेखौफ बदमाशों ने रविवार रात सिकंदराराऊ में एटा रोड पर दिल्ली से राठ (हमीरपुर) जा रही उरई डिपो की रोडवेज बस को हाईजैक कर लिया और करीब आधा घंटे बेखौफ होकर बस में सवार 40 यात्रियों से लूटपाट की।
इसके बाद बदमाश बस को वीराने में छोड़कर भाग गए। बदमाश सिकंदराराऊ के पंत चौराहे से बस में सवार हुए थे। बदमाशों की संख्या आठ से 10 बताई जा रही है। देर रात इस मामले में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी चल रही थी।
बताते हैं कि उरई डिपो की यह रोडवेज बस सिकंदराराऊ के पंत चौराहे से रात करीब पौने नौ बजे एटा रोड के लिए मुड़ी थी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। इनमें से कुछ कानपुर, कुछ हमीरपुर तो कुछ उरई जाने वाले थे। पंत चौराहे से ही करीब आठ-10 लोग इस बस में सवार हुए।
गांव उमरावपुर से पहले ही बदमाशों ने हथियारों के बल पर चालक को अपने कब्जे में कर लिया और एकांत में बस रुकवा ली। इसके बाद यात्रियों से लूटपाट शुरू कर दी। बदमाशों ने बस के परिचालक से लेकर किसी भी यात्री को नहीं छोड़ा। बदमाश लाखों रुपये की नकदी, जेवर और करीब 10 मोबाइल फोन लूटकर ले गए।
जिसने भी विरोध किया, उसके साथ मारपीट की गई। यात्रियों की मानें तो उन्होंने घटना की सूचना देने के लिए 100 नंबर पर कॉल भी किया, लेकिन कोई पुलिस कर्मी नहीं पहुंचा। इसके बाद कुछ लोग पैदल ही सिकंदराराऊ आए और थाने पहुंचकर घटना की सूचना दी। वारदात की खबर मिलते ही पुलिस में खलबली मच गई।
आनन-फानन सिकंदराराऊ थाने का फोर्स मौके पर पहुंच गया। सिकंदराराऊ के थाना प्रभारी गंगा प्रसाद यादव उस समय सादाबाद में किसी विदाई समारोह में व्यस्त थे। बदमाशों ने बस के परिचालक विमलेश कुमार से 31 हजार रुपये, गोविंद से तीन हजार, राधाकृष्ण से सात हजार रुपये, अरविंद से 17 हजार रुपये और टेबलेट पीसी, रामकुमार से 10 हजार, कृष्णपाल से 15 हजार नकद और अंगूठी, धर्मेेंद्र से पांच हजार, हथीन से 12 हजार रुपये, बिजेंद्र से 4,400 रुपये, प्रवीण कुमार से आठ हजार, नगीना नाम की महिला से जेवर और चार हजार नकद के अलावा अन्य सवारियों के पास से पूरी नकदी छीन ली।
देर रात इस मामले में कोतवाली सिकंदराराऊ में यात्रियों की तरफ से तहरीर दे दी गई थी। एसपी डॉ.अजयपाल समेत आला पुलिस अधिकारी देर रात सिकंदराराऊ पहुंच गए और लूट के शिकार यात्रियों से घटना की जानकारी ली। बदमाशों की तलाश में एसपी ने पुलिस की टीमें बनाकर कांबिंग शुरू करा दी थी।