आपूर्ति विभाग की टीम ने द्वारा पकड़ा गया कालाबाजारी का अनाज ।
- फोटो : Amar Ujala
जिले में राशन की कालाबाजारी रुकने का नाम नहीं ले रही है। विभागीय स्तर से भले ही कड़ी कार्रवाई की जा रही हो, लेकिन कालाबाजारी करने वालों के हौसले बुलंद हैं। मंगलवार को एसडीएम सासनी इंद्रसेन की सूचना पर आपूर्ति विभाग की टीम ने मंडी समिति से एक मैजिक को सरकारी खाद्यान्न की कालाबाजारी करते हुए पकड़ा है।
टीम ने मौके पर 31 कट्टे गेहूं के बरामद किए हैं। गरीबों बंटने वाला यह खाद्यान्न यहां मंडी में बिकने के लिए आया था। प्रथम दृष्टया जांच में यह खाद्यान्न सासनी क्षेत्र के गांव औदुआं के डीलर का निकला है। विभागीय स्तर से इस मामले कोटेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एसडीएम सासनी ने फोन के माध्यम से पूर्ति विभाग के लिपिक संतोष को सूचना दी कि सरकारी खाद्यान्न को हाथरस मंडी में बेचने के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना पाते ही पूर्ति निरीक्षक केपी सिंह और लिपिक दोनों ने हाथरस मंडी की ओर रुख कर लिया और मंडी परिसर में पहुंचकर एक लोडर मैजिक को पकड़ लिया। गाड़ी को पकड़ने के बाद विभागीय अधिकारियों ने खाद्यान्न का रिकार्ड मांगा।
रिकार्ड उपलब्ध न होने की दशा से जांच शुरू की। जांच में यह निकलकर आया कि यह खाद्यान्न सरकारी है। टीम ने तुरंत माल का जब्त कर लिया और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पूछताछ में चालक ने बताया कि यह खाद्यान्न औंदुआ से लाया जा रहा है। टीम ने तुरंत खाद्यान्न को जब्त कर लिया।
खाद्यान्न के पकड़े जाने के बाद विभागीय स्तर से मामले में गंभीरता बरतते हुए तत्काल औंदुआ के राशन डीलर की दुकान का स्टॉक चेक किया गया। यहां स्टॉक में गड़बडी मिली। यहां स्टॉक चेक करने के दौरान 13 कट्टे चावल, 20 कट्टे गेंहू के कम मिले। वही स्टॉक से 236 लीटर मिट्टी का तेल अधिक पाया गया। इस पर विभागीय स्तर कार्रवाई शुरू कर दी गई। इसकी सूचना विभाग स्तर से शासन को दे दी गई है।