सिकंदराराऊ। स्थानीय युवक को फेसबुक पर श्रावस्ती की एक युवती से इस कदर प्यार हुआ कि बात शादी में तब्दील गई। लेकिन गुपचुप तरीके से यहां रह युगल जोड़े को बुधवार को श्रावस्ती पुलिस अपने साथ ले गई। इस दौरान युवती के परिजन भी मौजूद थे।
किस्सा कुछ यूं है कि पंत चौराहे के पास स्थित एक कॉलोनी के युवक की श्रावस्ती की युवती रजनी ( काल्पनिक नाम ) से फेसबुक पर दोस्ती हो गई। इसके बाद उनके बीच रोजाना चैटिंग होने लगी। बात इतनी बढ़ी की उनमें प्यार हो गया। फिर युवती ने युवक को श्रावस्ती बुला लिया। उसके बाद गुपचुप से वे सिकंदराराऊ आ गए और शादी कर ली। श्रावस्ती की युवती के परिजन काफी सुखी-संपन्न हैं। उसके गायब होने पर उन्हाेंने स्थानीय पुलिस में अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया। लेकिन तकरीबन एक माह बाद पता चला कि युवती सिकंदराराऊ में एक युवक के साथ रह रही है। इस जानकारी के आधार पर श्रावस्ती पुलिस युवती के परिजनों के साथ यहां पहुंच गई तथा गुपचुप तरीके से पूरी जानकारी इकट्ठी कर कोतवाली पुलिस की मदद से दोनों को हिरासत में ले लिया। श्रावस्ती के उपनिरीक्षाक संजय दुबे ने बताया कि लड़का-लड़की को श्रावस्ती कोर्ट में पेश किया जाएगा। जहां उनके बयान दर्ज होंगे। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। दोनों पति-पत्नी के रूप में साथ रहेंगे या नहीं यह भी इसके बाद ही तय होगा।