हाथरस। शहर के प्रमुख उद्यमियों में से एक रामकुमार अग्रवाल की कार पंचर कर चोरों ने 2.15 लाख रुपये से भरा सूटकेस चोरी कर लिया। सूटकेस कार की पिछली सीट पर रखा था। कारोबारी ने चोरी की शिकायत सदर कोतवाली पुलिस से की है। पुलिस जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है। इससे पहले भी एक फार्मा कंपनी के एरिया मैनेजर की कार पर ऑयल डालकर चोरों ने हजारों रुपये से भरा बैग पार कर दिया था।
मथुरा रोड पर सुंदरवन निवासी रामकुमार अग्रवाल और उनके भाई कपिल अग्रवाल की चूना वाला बल्क करियर के नाम से मथुरा रोड पर पेट्रोल पंप है। उनके कई और कारोबार भी हैं। पेट्रोल पंप से होने वाले रुपयों का कलैक्शन आगरा रोड स्थित बांके भवन में बने कार्यालय पर किया जाता है। चोरों को अग्रवाल के सूटकेस में रोज का कलैक्शन घर ले जाने का पता था। मंगलवार को उनकी सफेद रंग की स्विफ्ट कार पर चोरों ने गंदा तेल डाल दिया था, लेकिन इसका पता अग्रवाल को नहीं चला और वह कार लेकर घर चले गए। इसके अगले बुधवार रात को जब वह पेट्रोल पंप का दिनभर का कलैक्शन जो कि 2.15 लाख रुपये था, लेकर अपने घर जा रहे थे, तभी रास्ते में जोरदार आवाज हुई। उन्होंने कार नहीं रोकी। बाद में मथुरा रोड पर कुछ दूर चलकर उनकी कार में पंचर हो गया। दोनों भाई और ड्राइवर कार से उतरकर पंचर देखने लगे। रुपयों से भरा सूटकेस पीछे की सीट पर रखा था। जैसे ही उनकी नजर पीछे की सीट पर गई, सूटकेस गायब था। सदर कोतवाल मनोज शर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।