फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहन की शादी को रचा लाखों की लूट का ड्रामा

Mon, 13 Nov 2017 11:44 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो हाथरस। 
विज्ञापन
लूट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
एक फाइनेंसकर्मी ने सोमवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को रुहेरी के पास कार सवार बदमाशों द्वारा मारपीट  कर उससे तीन लाख रुपये लूट  लेने की सूचना दी। पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की मामला कुछ और ही निकला। बहन की शादी के लिए रुपयों का इंतजाम करने को लाखों की लूट   का यह ड्रामा खुद फाइनेंसकर्मी ने ही रचा था।
विज्ञापन


वह पुलिस को गुमराह कर लाखाें की रकम खुद हजम करना चाहता था लेकिन जांच के दौरान पुलिस ने फाइनेंसकर्मी का झूठ  पकड़ लिया और सूचना मिलने के महज दो घंटे के अंदर ही लूटी गई रकम पुलिस ने आरोपी फाइनेंसकर्मी के घर से बरामद कर ली। 

एसपी घुले सुशील ने लूट के ड्रामे से पर्दा हटाते हुए बताया कि थाना सासनी क्षेत्र के गांव रुदायन के रहने वाले अमिताज पुत्र शब्बीर अहमद एल एंड टी फाइनेंस कंपनी में काम करा है। इस कंपनी का क्षेत्रीय कार्यालय आगरा के संजय पैलेस में है। यह कंपनी गांवों में लोगों को ब्याज पर छोटा ऋण उपलब्ध कराती है। अमिताज जैसे कई कर्मचारी कर्ज दिए जाने के बाद ग्रामीणों से ऋण की वसूली करते हैं। अमिताज के पिता मजदूरी करते हैं। 25 नवंबर को बहन की शादी के लिए रुपयों का इंतजाम करने में अमिताज और उसके दूसरे भाई जुटे हुए हैं। अमिताज के पास ग्रामीणों से वसूले गए ऋण के तीन लाख चार हजार तीन सौ रुपये रखे थे। इस रकम को अमिताज को सोमवार सुबह कंपनी के दफ्तर में जमा कराना था।
विज्ञापन


लाखों की रकम देखकर अमिताज की नीयत बिगड़ गई और उसने लूट का ड्रामा रचकर रकम हजम करने की योजना बनाई। आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर रुहेरी के पास अमिताज ने अपनी आंखों के पास मिर्च पाउडर लगाया और कुछ मिर्च पाउडर बालों में भी उड़ेल लिया। ठीक  9.45 बजे अमिताज ने यूपी 100 को फोन कर कहा कि सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार बदमाशाें ने ओवरटेक कर उसकी बाइक रोक ली और मिर्च पाउडर आंखों में डालकर बैग छीन लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट भी की।

इसके कुछ देर बाद 9.52 पर सभी थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। 9.58 पर पीआरवी 1114 मौके पर पहुंची। फिर कोतवाल हाथरस गेट और सीओ सिटी सुमन कनौजिया भी पहुंचकर जांच में जुट गईं। अमिताज ने मौके पर पड़ा मिर्च पाउडर भी पुलिस को दिखाया। कोतवाल हाथरस गेट अनिल कुमार सिंह ने जांच में पाया कि अमिताज के हेलमेट लगा होने पर भी आंखों और बालों तक मिर्च पाउडर कैसे पहुंचा।

उन्हें कार के ओवरटेक करने पर सड़क पर ब्रेक लगाने के निशान भी नहीं मिले। शक होने पर जब उन्होंने अमिताज का हाथ देखा तो एक हाथ की अंगुलियों पर मिर्च पाउडर लगा था जबकि दूसरा हाथ साफ था।  राज खुलने पर पुलिस सख्ती करती, इससे पहले ही अमिताज ने मौके    पर ही अपना अपराध स्वीकार कर लिया। अमिताज की निशानदेही पर  ही पुलिस ने उसके घर में रखे तीन लाख चार हजार तीन सौ रुपये बरामद किए। अमिताज के विरुद्ध कंपनी के एरिया मैनेजर नीलेश सारस्वत ने लूट का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस इस मुकदमे को जल्द ही अमानत में खयानत और जालसाजी की धाराओं में तरमीम करने की बात कह रही है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें