हाथरस। पुलिस लाइन में सरकारी आवासों के आवंटन में धांधली की शिकायत पर पूर्व आरआई रामफल सिंह, पुलिस लाइन में तैनात हवलदार सुंदर सिंह और सिपाही विनोद के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाना हाथस गेट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एलआईयू में तैनात सिपाही जितेंद्र ने इस संबंध में एसपी से शिकायत कर पूर्व आरआई पर मकान आवंटित करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था। इस मामले की जांच सीओ सिटी प्रीति सिंह ने की थी। जांच में प्रथम दृष्टया पाया गया था कि आवासों के लिए आवेदन करने वाले पुलिसकर्मियों को क्रम से नहंीं, बल्कि मनमानी से मकान दिए गए। इसके लिए पुलिसकर्मियों से पांच से दस हजार रुपये तक लिए गए। पूर्व आरआई रामफल सिंह का दो हफ्ते पहले ही अलीगढ़ में पीएसी में स्थानांतरण हुआ है। मुकदमा दर्ज होने के बाद इस मामले की विवेचना भी सीओ को सौंपी गई है। हाथरस गेट थानाध्यक्ष केपी सिंह का कहना है कि आरोपियों पर आवास आवंटन में भ्रष्टाचार का आरोप था। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।