घटना की जानकारी लेते सीओ सादाबाद योगेश कुमार।
- फोटो : amar ujala
कोतवाली क्षेत्र के गांव बिलारा से पहले एक पेट्रोल पंप के पास बुधवार शाम को आगरा से चांदी के घुंघरू बेचकर लौट रहे दो व्यापारियों की बाइक को तीन बदमाशों ने अपनी कार से टक्क र मार दी और घायल व्यापारियों पर तमंचे तानकर आठ लाख रुपयों से भरा थैला लूट लिया। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों में खलबली मच गई। मौके पर थानाध्यक्ष केपी सिंह के अलावा सीओ योगेश कुमार ने भी पहुंचकर जांच-पड़ताल की है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार शाम करीब साढे़ चार बजे थाना क्षेत्र के गांव नगला छत्ती निवासी सुखवीर पुत्र रमेशचंद्र और बिसावर निवासी राजू उर्फ लोकेंद्र पुत्र चंद्रपाल आगरा से चांदी के घुंघरू बेचकर अपने गांव अपनी अपाचे बाइक से लौट रहे थे, जैसे ही वह चिरावली से आगे बिलारा से पहले एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तभी फिल्मी स्टाइल में पीछे से आ रही बदमाशों की सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दोनों व्यापारी बाइक से नीचे जा गिरे और घायल हो गए। इसी दौरान तीन बदमाश हाथों में तमंचे लेकर कार से उतरे और घायल व्यापारियों पर तमंचा तान दिया। बदमाशाें ने राजू के हाथ में लगे रुपयों से भरे थैले को छीन लिया और वापस कार से गांव मई की ओर लेकर भाग निकले। घायल चांदी व्यापारी राजू के मुताबिक थैले में 7.90 लाख रुपये थे।
घायल दोनों व्यापारियों का उपचार गांव मई में एक निजी अस्पताल में कराया गया। इसके बाद लूट के शिकार दोनों व्यापारियों को पुलिस घटना की जानकारी लेने के लिए थाने ले आई। व्यापारी सुखवीर पुत्र रमेशचंद्र ने सादाबाद कोतवाली में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की तहरीर दी है। देर रात व्यापारियों से पूछताछ करने एएसपी अरविंद कुमार भी सादाबाद कोतवाली पहुंच गए। व्यापारियों से पूछताछ के दौरान मई और बिसावर के प्रधान ग्रामीणों के साथ थाने में डटे रहे। देर शाम तक पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी हुई थी।
व्यापारियों से लूट के मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। लुटेरों के बारे में कुछ सुराग मिले हैं। दो टीमों को लगाया गया है। जल्द ही लूट की वारदात से पर्दा हटाया जाएगा।
-अरविंद कुमार, एएसपी