नेशनल हाईवे के लुटेरे बेखौफ और पुलिस बेबस है। दो दिन पहले बस मंे हुई लूटपाट की वारदात का अभी खुलासा भी नहीं हुआ था कि अब लुटेरों ने दुल्हन की कार को अपना निशाना बनाया। कार रोककर दुल्हन के जेवर, नगदी सहित लाखों की लूटपाट कर आराम से निकल गए।
उधर इस इस बड़ी लूट पर पुलिस थाना क्षेत्र को लेकर एक दूसरे के क्षेत्र की घटना बता खुद का पल्ला झाड़ने में जुटी है। यह वारदात लुटेरों ने दो दिन पूर्व चंदपा के पास रोडवेज बस में लूटपाट के बाद ही अंजाम दे ही है, जिससे उनके दुस्साहस का पता चलता है।
किंदौली निवासी राजुद्दीन के बेटे यूसुफ की शादी अलीगढ़ के थाना टप्पल के गांव मेवगढ़ी निवासी महविश पुत्र खटुआ से हुई है। रविवार रात खटुआ, बेटी महविश बेगम को विदा कराकर घर ले जा रहे थे। साथ में पुत्र इमरत खां, मां रबन्नत व बुआ डूरन बेगम पत्नी जुम्मा व कार चालक यहूल थे।
रात दस बजे अमरपुर-रुहेरी मोड़ पर सड़क पर आड़ा तिरछा खड़ी एक मारूती वैन ने उनकी कार रोक ली। कार के रुकते ही दो बदमाश बाइक पर आ धमके। खेत में छिपे दो बदमाश भी बाहर आ गए।
उन्होंने सभी को बंधक बनाकर मारपीट शुरू कर दी। तीनों महिलाओं से ढाई लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, खटुआ की जेब से पांच हजार रुपये लूट ले गए। लूट के शिकार लोगों ने थाना हाथरस गेट पुलिस को सूचना दी। तुरंत ही पुलिस मौके पर पहुंची।
हालांकि एसओ गेट केपी सिंह घटना की जांच की जा रही है कहकर लूट की घटना पर कुछ बोलने से बच रहे हैं।