हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव भोपतपुर में एक 12 साल के कक्षा छह में पढ़ने वाले बच्चे के चेहरे को एक हमलावर ने चाकुओं से गोद दिया, जिससे वह घायल हो गया। बच्चे का नाम विष्णु पुत्र लोकेश शर्मा निवासी भोपतपुर है। वह हमलावर को पहचान नहीं सका। ग्रामीणों ने थाना पुलिस को शिकायत की है। पुलिस ने तहरीर लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
विष्णु के मुताबिक वह स्टेशनरी लेने गांव से हाथरस जंक्शन आ रहा था। तभी उसे एक व्यक्ति ने गठरी उठवाने में मदद के लिए बुलाया। जैसे ही उसने मदद के लिए हाथ बढ़ाया, आरोपी उसे खेतों में खींचकर ले गया और चेहरे को चाकुओं से गोदना शुरू कर दिया। किसी तरह हमलावर की पकड़ से बचकर विष्णु भाग निकला और एक व्यक्ति को पहचानकर उसके साथ गांव पहुंचा। यहां पूरा बात उसने परिजनों को बताई। इसके बाद ग्रामीण इकट्ठे होकर थाना पहुंचे और हमलावर के विरुद्ध तहरीर दी।