हाथरस के लाडपुर में अंबेडकर प्रतिमा तोड़े जाने के संबंध में जानकारी करते विधायक रामवीर उपाध्याय।
- फोटो : Amar Ujala
हाथरस। हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव लाड़पुर के नगला ब्राह्मण स्थित आंबेडकर पार्क में लगी डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना से भड़के दलित समाज के लोग बड़ी संख्या में लाड़पुर पहुंच गए। अधिकारियों ने आनन-फानन क्षतिग्रस्त प्रतिमा को हटाकर नई प्रतिमा लगवाई। पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध सामाजिक भावनाएं आहत करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
सुबह टहलने जाने वालों ने रविवार की सुबह पार्क में लगी आंबेडकर प्रतिमा का दाहिना हाथ जमीन पर पड़ा देखा। क्षतिग्रस्त प्रतिमा के पास ही वह ईंटें भी पड़ी थीं, जिन्हें संभवत: प्रतिमा तोड़ने के लिए शरारती तत्वों ने इस्तेमाल किया था। प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलने पर एएसपी अरविंद कुमार के अलावा सीओ सिकंदराराऊ आशीष प्रताप सिंह और हाथरस जंक्शन कोतवाल जगदीशचंद्र मौके पर पहुंच गए। एसडीएम सदर अरुण कुमार सिंह ने भी जानकारी ली।
इस बीच बसपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय, बसपा जिलाध्यक्ष डॉ. बीडी सिंह के अलावा दूसरे दलों और संगठनों के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। लोगों के रोष को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। दोपहर में आनन-फानन प्रशासन ने हाथरस से ही नई प्रतिमा मंगवाकर उसे पुरानी प्रतिमा की जगह स्थापित करा दी। देर शाम तक पुलिस इस मामले की जांच में जुटी रही। सीओ सिकंदराराऊ आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में शरारती तत्वों या नशेड़ियों द्वारा प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने का पता चला है। दो लोगों पर शक है। उनसे जल्द पूछताछ की जाएगी। अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
----
क्षतिग्रस्त प्रतिमा को बदलवा दिया गया है। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हर जगह पर सतर्कता समितियां बनाई जा रही हैं, जो इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए काम करेंगी।
- अरुण कुमार सिंह, एसडीएम सदर