एजेंसी से चोरी ट्रैक्टर बरामद, आरोपी पकड़ा
- फोटो : अमर उजाला
अलीगढ़ रोड पर जमुना बाग स्थित एजेंसी से छह नवंबर को दिनदहाड़े चोरी किए गए ट्रैक्टर को एजेंसी के मालिकों ने पुलिस की मदद से बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पांच दिन के अंदर चोरी का खुलासा करने पर अधिकारियों ने थाना पुलिस की पीठ थपथपाई है।
छह नवंबर को सासनी क्षेत्र के गांव भोजगढ़ी के कुलदीप शर्मा पुत्र राधारमन ने चार महीने पहले ही एजेंसी से नया ट्रैक्टर खरीदा था। पुलिस के मुताबिक कुलदीप पिछले कई दिन से ट्रैक्टर चोरी करने की कोशिश में था। इसके लिए वह एजेंसी की रेकी कर रहा था।
छह नवंबर को कुलदीप मौका देखकर ट्रैक्टर ले गया और उसे एक परिचित के यहां खेतों में ले जाकर उसे छिपा दिया। छह नवंबर को ही एजेंसी मालिक की शिकायत पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। ट्रैक्टर चोरी करने की तस्वीर एजेंसी के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने पहले आरोपी को दबोचा और फिर उससे पूछताछ के आधार पर ट्रैक्टर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
थाना हाथरस गेट में एएसपी संसार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि आरोपी कुलदीप का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है, फिर भी उससे पूछताछ की जा रही है।
कुछ और चोरियों का खुलासा हो सकता है।