पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- फोटो : Demo pic
हाथरस। फीरोजाबाद में तैनात एक सिपाही की बाइक ने गुरुवार देर रात गिजरौली के पास एक युवक को रौंद दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को लोग जिला अस्पताल ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मौके से आरोपी सिपाही को पकड़ लिया है। वह हिरासत में है, लेकिन मृतक के परिजनों ने पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है। पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
पुलिस के मुताबिक हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव राजपुर के रहने वाले 35 वर्षीय दिनेश पुत्र रमेश के पास एक नेता के यहां आए हुए थे। रात 11 बजे घर के अंदर सभी लोग टीवी देख रहे थे। दिनेश घर से बाहर निकलकर सड़क पर आ गया। इस बीच मीतई से आ रहे सिपाही की तेज रफ्तार बाइक ने दिनेश को जोरदार टक्क र मार दी। सिपाही मूल रूप से इगलास क्षेत्र के गांव का रहने वाला है और गांव के एक दोस्त की बारात में मीतई आया था।
बाइक की टक्कर के बाद दिनेश को लोग जिला अस्पताल ले गए और सिपाही को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। अस्पताल में दिनेश के दम तोड़ने के बाद भी परिजनों ने सिपाही के विरुद्ध कोई शिकायत नहीं की। सदर कोतवाल मनोज शर्मा का कहना है कि सिपाही को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। परिजनों ने शुक्रवार शाम तक कोई तहरीर नहीं दी है। शिकायत मिलने पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।