ब्यूरो, अमर उजाला, हाथरस।
अलीगढ़ रोड पर सोमवार दोपहर एक रोडवेज बस और मेटाडोर की भिड़ंत हो गई। हादसे में छह लोग घायल हो गए। इनमें से तीन लोग उपचार के लिए खुद ही जिला अस्पताल पहुंचे। बाकी घायलों ने निजी अस्पतालों में उपचार कराया है।
आगरा फोर्ट डिपो की बस दोपहर साढ़े तीन बजे अलीगढ़ की ओर से आ रही थी। नवग्रह मंदिर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार मेटाडोर ने बस को टक्कर मार दी। स्पीड ब्रेकर होने के कारण बस की स्पीड काफी कम थी इसलिए बड़ा हादसा टल गया। हादसे के दौरान थोड़ा घायल हुए छह यात्रियों में से तीन खुद ही जिला अस्पताल पहुंच गए।
इनमें आशीर्वाद कॉलोनी के प्रवीन उर्फ पिंटू, उनकी पत्नी पूजा व बुलंदशहर निवासी सरिता थीं। जिला अस्पताल में उपचार के बाद ये घायल भी घर चले गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को थाने में खड़ा करा लिया है। हादसे को लेकर पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस शिकायत मिलने पर कार्रवाई की बात कह रही है।