न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)।
सादाबाद क्षेत्र के एक गांव के कोचिंग सेंटर पर शिक्षक की पिटाई के डर से दो छात्र काोचिंग से भाग निकले। इन छात्रों ने आरोप लगाते हुए लोगों को कोचिंग पर अपनेसाथ की जाने वाली मारपीट के बारे में भी बताया। बाद में यह दोनों छात्र अपने ताऊ के साथ अपने घर चले गए।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की दोपहर अलीगढ़ के थाना पाली के गांव नगला रोशन के रहने वाले धीरज कुमार बस कंडक्टर हैं। उनके के दो बेटे हर्ष 12 वर्ष और विश्वास सात वर्ष सादाबाद के एक गांव की कोचिंग सेंटर पर वहीं रहकर पढ़ाई करते हैं। यह दोनों छात्र शुक्रवार की सुबह कोचिंग सेंटर से भाग निकले।
जब यह सादाबाद में विनोवा नगर चौराहे पर पर पहुंचे तो डरे सहमे इन बच्चों को देखकर लोगों ने इनसे पूछताछ की, पूछताछ में यह डरे सहमे बच्चे पहले तो बस में सो जाने की वजह से नोएडा में अपनी बुआ के यहां से सादाबाद आ जाने की बात कहते रहे, लेकिन बाद में कुछ लोगों ने इन छात्रों के बारे में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद राठी को जानकारी दे दी, जिसके बाद इन छात्रों द्वारा बताए गए पते के आधार पर एसएचओ ने थाना पाली मुकीमपुर के जरिए इनके परिजनों के बारे में पता किया।
बच्चों ने बाद में अपने पिता का नंबर भी बता दिया, जिस पर फोन करने के बाद मौके पर इन छात्रों के ताऊ अरूण कुमार सादाबाद पहुंच गए, तब बच्चों ने बताया कि वह कोचिंग सेंटर पर रहकर पढ़ाई करते हैं। बच्चों का आरोप है कि वहां शिक्षक मारपीट करते हैं।
इस वजह से उनके दो साथी भी सुबह कोचिंग छोड़कर अपने परिजनों के साथ चले गए हैं, और इसी वजह से वह भी कोचिंग को छोड़कर भाग आए हैं। एसएचओ अरविंद कुमार राठी ने बताया कि बच्चे सही सलामत परिजनों के पास पहुंचा दिए गए हैं। यह बच्चे किसी कोचिंग सेंटर से भागे थे।