ब्यूरो, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। एक कलयुगी बेटे ने रविवार को बंटवारे के विवाद को लेकर अपनी मां को घूंसा जड़ दिया। बेटे के प्रहार से मां की नाक से खून बह निकला। घायल हालत में वह सदर कोतवाली पहुंची और पुलिस से लिखित शिकायत की। हालांकि बाद में करीबी लोगों के समझाने पर मां मान गई और अपनी लिखित शिकायत वापस ले ली।
जैन गली में रहने वाली वृद्धा का कहना है कि उनका छोटा बेटा घर का बंटवारा करने पर तुला हुआ है। वृद्धा एक छोटा कमरा अपने लिए रखना चाहती है, जिसके लिए आरोपी राजी नहीं है। इसे लेकर कई बार घर में झगड़ा हो चुका है। आरोपी इससे पहले भी तीन बार अपनी मां पर हाथ उठा चुका है। रविवार सुबह बंटवारे की बात शुरू होने पर मां ने जब अपने लिए अलग कमरे की बात की तो आरोपी ने अपने परिवार के लिए ज्यादा जगह की जरूरत जताई। इसे लेकर उसका मां से विवाद शुरू हो गया।
झगड़े के दौरान आरोपी ने अपनी मां के चेहरे पर घूंसा जड़ दिया। वहीं पुलिस हिरासत में मौजूद आरोपी का कहना था कि उसने केवल मां को धक्का दिया था, मारपीट के आरोप गलत हैं। कोतवाली में मां-बेटे को समझाने के लिए कई करीबी लोग पहुंचे। सभी ने मतभेदों को घर में सुलझाने की बात कही, जिसके बाद मां बेटे के साथ घर चली गई।