फोटो संख्या-30 से 32
ठेका खुलने के विरोध में महिलाओं ने फूंकी शराब की बोतलें
लोगों और महिलाओं ने ठेके के कारिंदों के साथ मारपीट भी की
अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। शक्तिपुरम पार्ट-2 में करीब दो दिन पहले स्थापित किए गए शराब के ठेके का स्थानीय महिलाओं ने विरोध किया। विरोध के बाद महिलाओं ने ठेके से शराब की बोतलें निकाल कर आग लगा दी और जमकर हंगामा किया। आरोप है कि इसके बाद वहां के लोगों और महिलाओं ने ठेके के कारिंदों के साथ मारपीट भी की। उन्होंने इसके सूचना ठेके के मालिक को दी। ठेके मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंच गए। इस बीच ठेके के मालिक के साथ भी महिलाओं की कहासुनी हुई। हंगामा बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने महिलाओं को शांत किया।
ठेकेदार रघुबीर बलड़ी ने बताया कि यह ठेका पहले वार्ड-2 में वर्तमान जगह से कुछ दूरी पर था। इसका महिलाओं ने विरोध कर दिया था। फिर इस ठेके पर वहां से उठाकर कैलाश गांव के एरिया में रख दिया गया। इस ठेके को यहां शिफ्ट हुए दो ही दिन हुए हैं और यहां ठेके का निर्माण भी चल रहा है। इसी दौरान शक्तिपुरम पार्ट, बागपति कॉलोनी, आरके पुरम और वसंत विहार कॉलोनी की महिला व कुछ लोग आए। उन्होंने ठेके से शराब की बोतलें निकाली ओर जलानी शुरू कर दी। आरोप है कि ठेके पर कार्यरत कारिंदों ने इसका विरोध किया तो उनके साथ भी महिलाओं और लोगों ने मारपीट की। बाद में ठेकेदार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिलाओं को शांत किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।