अमर उजाला ब्यूरो, सादाबाद।
एक कलियुगी पिता ने अपनी छह साल की मासूम बेटी से छेड़छाड़ की। यह शिकायत 100 नंबर के जरिए जब पुलिस तक पहुंची तो मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है। मासूम की मां ने रोते बिलखते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी कोतवाली में पुलिस को दी। पुलिस ने महिला को कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है।
हाथरस रोड स्थित एक गांव की एक महिला सोमवार की सुबह कोतवाली पर अपने चार बच्चों सहित पहुंची। इस महिला ने अपने पति पर आरोप लगाया कि वह अपनी ही छह साल की बेटी पर बुरी नजर रखता है। उसकी छह साल की एक बेटी के साथ रविवार की रात उसने छेड़खानी की।
अगर उसकी नींद न टूटी होती तो बेटी के साथ कुछ भी गलत हो सकता था। उसने बताया कि उसका पति पहले भी अपनी इस बेटी से शराब के नशे मेें छेड़खानी कर चुका है। महिला ने कहा कि वह भीख मांगकर अपने बच्चों को पाल लेगी, लेकिन इस व्यक्ति के साथ वह नहीं रहेगी। शिकायत के मद्देनजर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है और महिला के पति के विरूद्ध शांति भंग के आरोप मे कारवाई की है।