न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। ई-रिक्शा चालक की मौत की गुत्थी अभी सुलझी नहीं है, क्योंकि परिजन उनकी हत्या की बात कह रहे हैं, जबकि पुलिस अभी इस बात को मान नहीं रही है। सबसे ज्यादा भ्रम पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पैदा कर दिया है। तभी तो अब पुलिय को डीएम की अनुमति मिलने का इंतजार है, ताकि शव का फिर से पीएम हो सके।
उल्लेखनीय है कि कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव कैमार निवासी जीशान (20वर्ष) पुत्र कल्लू ई-रिक्शा चालक का शव 25 जनवरी की सुबह मथुरा रोड हतीसा बाईपास पुल के पास पोखर में मिला था। जिसे लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की, शव का पोस्टमार्टम भी कराया गया। परिजनों ने शव को सुपुर्दे खाक भी कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है, क्योंकि रिपोर्ट में मौत के दो कारण (एक गला दबाकर हत्या और दूसरा दम घुटने से मौत) दर्शाया गया है। अब इसी स्थिति को साफ करने के लिए पुलिस फिर से शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कह रही है। इसीलिए तो अब डीएम की अनुमति का इंतजार किया जा रहा है।
ई-रिक्शा चालक की मौत का कारण अस्पष्ट है। इस स्थिति को साफ करने के लिए जिलाधिकारी महोदय की अनुमति के बाद शव का फिर से पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
-जितेंद्र कुमार दिखित, एसएचओ हाथरस गेट।