न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव टिकारी निवासी हाल निवासी सुरंगपुरा की हत्या धारदार हथियार से की गई थी। इस मामले में मृतक की पत्नी, बेटा और पत्नी के प्रेमी के खिलाफ पुलिस ने भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।
उल्लेखनीय है कि गांव टिकारी निवासी मोहन सिंह पुत्र वीरपाल कई साल से थाना हाथरस गेट के गांव सुरंगपुरा में रहने लगा था। मोहन सिंह 20 अक्तूबर की शाम से अचानक लापता हो गया। दूसरे दिन उसके बेटे की करंट से मौत हो गई, लेकिन वह बेटे की मौत पर नहीं आया।
इधर, कोतवाली हाथरस जंक्शन पुलिस को सलेमपुर स्थित पोखर के किनारे पानी में एक लावारिस शव मिला। इसकी शिनाख्त शुक्रवार की शाम को मोहन सिंह के रूप में हुई। शव का शनिवार को पोस्टमार्टम हुआ, जिसमें मोहन सिंह की हत्या धारदार हथियार से किए जाने की पुष्टि हुई।
मृतक के भाई किशनपाल पुत्र वीरपाल निवासी टिकारी ने अपने भाई की हत्या का आरोप उसके बेटे, पत्नी और उसके प्रेमी पर लगाया। इस पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। एसएसआई सीपी सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी सुधा, बेटा गौरव और पत्नी के प्रेमी बबलू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।