न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। शनिवार की देर शाम एडीजी आगरा रेंज और डीआईजी अलीगढ़ पुलिस लाइन में हुए सहभोज में शामिल हुए। हालांकि स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह सहभोज हाल में ही मेला श्रीदाऊजी महाराज और अन्य आयोजनों में पुलिसकर्मियों द्वारा बेहतर ड्यूटी किए जाने पर रखा गया था, लेकिन यह भी माना जा रहा है कि हाल में ही लखनऊ की घटना के बाद जिस तरह से पुलिसकर्मियों में शासन के प्रति रोष पैदा हुआ है, उसी के चलते अधिकारी यहां आए और अधीस्थ पुलिसकर्मियों से दोस्ताना माहौल में दुख-दर्द जाना। इसे एक तरह से डैमेज कंट्रोल भी माना जा रहा है।
पुलिस लाइन में शनिवार को पुलिस कर्मियों के लिए सहभोज का आयोजन हुआ। इसमें आगरा रेंज के एडीजी अजय आनंद और अलीगढ़ के डीआईजी प्रीतिंदर सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने आरक्षियों से हाल-चाल जाना और फिर उनके साथ सहभोज किया। उल्लेखनीय है कि हाल में ही लखनऊ में विवेक तिवारी की मौत के बाद दो पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी से पुलिसकर्मियों में आक्रोश व्याप्त है और पुलिसकर्मी तरह-तरह से अपना रोष जाहिर कर रहे हैं।
ऐसे में इस आयोजन को लेकर यही कयास लगाया जाता रहा कि बड़े अधिकारी यहां भी पुलिसकर्मियों का हाल-चाल जानने आए थे। इसके चलते यह सहभोग रखा गया। हालांकि अधिकारियों का कहना था कि अक्सर ऐसे आयोजन होते रहते हैं। यह आयोजन आरक्षियों के लिए होता है, जिसमें अधिकारी उनका उत्साह बढ़ाने के लिए शामिल होते हैं। यह पुलिस की कार्यप्रणाली का हिस्सा है।