अमर उजाला ब्यूरो, हाथरस।
रामकुमार शर्मा निवासी गांव हतीसा ने बेसिक शिक्षा के वित्त एवं लेखाधिकारी को शिकायत भेजी है। इसमें बीएसए के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर कूट रचना के आधार पर शिक्षकों की प्रोन्नति के आदेश तैयार करने का आरोप लगाया गया है और इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की गई है।
शिकायत का निस्तारण करने के लिए वित्त एवं लेखाधिकारी ने बीएसए को पत्र भेजा है, जिसमें उन्होंने बीएसए कार्यालय से जारी किए गए मूल पदोन्नत आदेश वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराने की मांग की है, जिससे विभाग से आदेश प्राप्त होने के बाद विभाग से विधिवत रूप से वेतन जारी किए जाने की कार्यवाही की जा सके।
शिकायतकर्ता ने वित्त एवं लेखाधिकारी पर भी आरोप लगाए हैं कि उनके द्वारा विभाग से विधिवत रूप से आदेश प्राप्त नहीं होने के बावजूद इन शिक्षकों का वेतन जारी किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने एओ को भेजी शिकायत में आरटीआई से प्राप्त कुछ साक्ष्यों को भी भेजा है, जिससे उनके आधार पर इस मामले के मास्टर माइंड के खिलाफ विधिवत रूप से कार्रवाई की जा सके।