न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
प्यार हुआ तो जाति बिरादरी भुलाकर दो अलग-अलग समुदाय के प्रेमी प्रेमिका ने एक-दूसरे से शादी कर ली, लेकिन अब शनिवार को प्रेमिका ने प्रेमी पति के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। तहरीर में दहेज में दो लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया गया है।
मान्यता उर्फ मुस्कान पुत्री हिप्पी खां निवासी बिसावर ने कोतवाली में तहरीर देकर कहा है कि उसने अपनी शादी गांव विधिपुर बिसावर के जाट समुदाय के एक युवक के साथ आर्य समाज पद्धति के अनुसार 11 जुलाई 2018 को की थी, चूंकि वह मुस्लिम समुदाय की थी और पति हिंदू समुदाय के हैं तो उसने एक रिट उच्च न्यायालय में में प्रस्तुत की, जिसके बाद हुए आदेश के बाद 27 अगस्त 2018 के बाद से ही वह अपने पति के साथ अपनी ससुराल विधिपुर में पति पत्नी के रूप में रहने लगी। दिसंबर 2018 में उसे दो माह का गर्भ ठहर गया, लेकिन उसके पति और सास ने मारपीट और पेट में लात मारकर उसके गर्भ को नष्ट कर दिया गया।
24 जनवरी 2019 को फिर से उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की नीयत से उसके ऊपर केरोसिन डालकर आग लगाने की कोशिश की और धमकी दी कि अपने पिता से दहेज में दो लाख रूपये लेकर आ वरना, हम तेरे पति की दूसरी शादी कर देंगे। इस घटना की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। नौ मार्च को फिर दोपहर दो बजे उसके साथ उसके पति और सास ने मारपीट की और उसे पति बाइक से बिसावर बैंक पर छोड़कर चले गए और धमकी दी कि यदि दो लाख रुपये दहेज में नहीं लाई तो उसको जान से मारकर दूसरी शादी कर लेंगे। तहरीर में कार्रवाई की मांग की गई ह्रै।