भाजपा ब्रजक्षेत्र के अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने ब्रज क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में सामाजिक न्याय सप्ताह के तहत कार्यक्रमों की रुपरेखा पर चर्चा की। कार्यक्रमों की शुरुआत छह अप्रैल से बूथों पर ध्वज लगाने के साथ होगी, जो कि 14 अप्रैल तक चलेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य ने बताया कि भाजपा डॉ आंबेडकर जयंती को छह अप्रैल से 14 अप्रैल तक सामाजिक न्याय सप्ताह के रूप में मनाएंगी। छह अप्रैल को कार्यकर्ता अपने बूथों पर सुबह नौ बजे पार्टी ध्वज लगाएंगे। बूथ पर ही सामूहिक रूप से पीएम मोदी द्वारा स्थापना दिवस पर दिए जाने वाले संबोधन को वर्चुअल माध्यम से सुनेंगे और विकास यात्रा पर चर्चा करेंगे। सात अप्रैल को युवा मोर्चा द्वारा मंडल स्तर पर चिकित्सा शिविर, सहभोज व स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित होगा। आठ अप्रैल को अनुसूचित व जनजाति मोर्चा द्वारा जनजातीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सम्मेलन का आयोजन होगा।
किसान मोर्चा द्वारा नौ अप्रैल को नदियों को किनारे बसें गांवों व मंडल स्तर पर पैदल मार्च कर प्राकृतिक खेती को लेकर जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। 10 अप्रैल को महिला मोर्चा द्वारा अनुसूचित जाति की महिलाओं के साथ जिला स्तर पर सहभोज कार्यक्रम होगा। 11 अप्रैल को जिला स्तर पर पिछड़ा वर्ग मोर्चा द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर उनके समाज सुधार कार्यो को लेकर संगोष्ठी होगी। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। 12 अप्रैल को बूथ स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 13 अप्रैल को कार्यकर्ताओं द्वारा पौधरोपण व जलाशयों की सफाई का अभियान चलाया जाएगा।