बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई। बाइक सवार का सिर डिवाइडर पर लगे बिजली के पोल से जा लगा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण युवक ने तुरंत दम तोड़ दिया।
सिकंदराराऊ क्षेत्र अंतर्गत एनएच-34 के एटा रोड स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति के निकट 23 जुलाई की सुबह ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय दिनेश की मौत हो गई।
विज्ञापन
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उपनिरीक्षक रामनरेश ने बताया कि गांव शहवाजपुर, थाना गोंडा जिला अलीगढ़ निवासी दिनेश पुत्र सुनील सुबह करीब 7:30 बजे बाइक से एटा से अलीगढ़ जा रहे थे।
मंडी समिति के निकट ओवरब्रिज पर बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर लगे विद्युत खंभे से टकरा गई। सिर में गंभीर चोट लगने से दिनेश को सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना परिजनों को दी गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।