निरीक्षण के बाद ट्रेन में चढ़ते डीआरएम। संवाद
- फोटो : Samvad
मथुरा और अलीगढ़ के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी की प्रस्तावित योजना को लेकर उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन और यार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने यार्ड के पूर्वी और पश्चिमी छोर की स्थिति, ट्रैक कनेक्टिविटी और सिग्नलिंग व्यवस्था से जुड़े बिंदुओं की जानकारी ली। इस दौरान प्लेटफॉर्म नंबर एक पर नए टिन शेड से बारिश का पानी टपकता देख उन्होंने नाराजगी जताई और लीकेज दूर करने के निर्देश दिए।
डीआरएम सुबह मगध एक्सप्रेस से दिल्ली की ओर जाते समय हाथरस जंक्शन पर कुछ देर रुके। इस दौरान उन्होंने स्टेशन और यार्ड की स्थिति का प्राथमिक जायजा लिया। दोपहर में वह सड़क मार्ग से दोबारा स्टेशन पहुंचे और करीब एक घंटे तक निरीक्षण किया।
मेंडू स्टेशन को जोड़ने की योजना के बिंदु परखे
प्रस्तावित कॉर्ड लाइन परियोजना के तहत पूर्वोत्तर रेलवे के मेंडू स्टेशन को हाथरस जंक्शन से जोड़कर मथुरा-अलीगढ़ के बीच सीधी रेल सेवा शुरू करने की योजना है। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने यार्ड के दोनों छोरों की भौगोलिक स्थिति, ट्रैक कनेक्टिविटी और सिग्नलिंग प्वाइंट्स की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कॉर्ड लाइन को मुख्य रेल मार्ग से जोड़ने की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
नए टिन शेड से पानी टपकने पर नाराजगी
निरीक्षण के दौरान डीआरएम प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंचे। यहां हाल ही में लगाए गए टिन शेड से बारिश का पानी टपकता देख उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए संबंधित अधिकारियों को लीकेज जल्द दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। डीआरएम ने स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई और संरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। निरीक्षण पूरा करने के बाद वह गोमती एक्सप्रेस से लखनऊ के लिए रवाना हो गए। इस दौरान स्टेशन अधीक्षक, यातायात निरीक्षक और रेल पथ व सिग्नलिंग विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।