न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। गांव टिकारी में विद्युत लाइन लगाने का काम बिना अधिकारियों की परमिशन के हो रहा था। इस कारण शट डाउन नहीं लिया गया। करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत हो गई। इस मामले में जेई ने संविदा कर्मी और ठेकेदार के खिलाफ थाना हाथरस जंक्शन में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बता दें कि टिकारी में ओवर लोडिंग की समस्या को खत्म करने के लिए नई लाइन बनाने के साथ छोटे-छोटे ट्रंासफॉर्मर लगाए जा रहे हैं। काम अंतिम चरण में चल रहा था।
गांव के ठेकेदार ने एक संविदा कर्मी की मदद से बिना अनुमति के लाइन के काम को शनिवार की सुबह पूरा करने के लिए पोल लगाने का काम शुरू कर दिया, जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई। इस मामले में जेई महेश कुमार ने गांव के संविदा कर्मी रिंकू और ठेकेदार चंद्रकाश के खिलाफ बिना अनुमति के कार्य कराने की तहरीर हाथरस जंक्शन थाने में दी है। यह जानकारी एसडीओ ने दी है।