बघौली। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राजपार में युवक का शव बाग में आम के पेड़ से फांसी पर लटकता मिला। परिजनों के मुताबिक पेट दर्द से परेशान होकर युवक ने खुदकुशी की है।
ग्राम राजपार निवासी रामपाल (36) खेती करता था। मंगलवार सुबह वह घर से शौच जाने की बात कहकर निकला था। ग्रामीणों ने उसका शव दुपट्टे से आम के बाग में लटकता देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना रामपाल के परिजनों को दी। मृतक के परिवार में पत्नी, तीन पुत्री और एक पुत्र है। मृतक के भाई जयसिंह ने बताया कि रामपाल काफी समय से पेटदर्द से परेशान था। इसके कारण ही उसने खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।