हरियावां (हरदोई)। थाना क्षेत्र के मसफना में संदिग्ध हालात में विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित करने और मारपीट कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति सहित तीन के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज किया है।
लखीमपुर के थाना मोहम्मदी के बरेचा निवासी चंद्रशेखर ने बेटी शकुंतला की शादी वर्ष 2018 में हरियावां थाना क्षेत्र के मसफना निवासी संदीप के साथ की थी। सोमवार रात पड़ोसी के यहां बच्चे का मुंडन था। संदीप, उसके पिता और मां रेनू रात पड़ोसी के यहां गए थे। घर पर शकुंतला अकेली थी। संदीप ने बताया कि रात करीब 11 बजे वह घर पहुंचा तो शकुंतला पंखे से लटकी मिली।
उन्होंने शकुंतला को नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। संदीप की सूचना पर मृतका के पिता चंद्रशेखर परिजनों के साथ वहां पहुंचे।
पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग कर मारपीट कर बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने ससुरालीजनों पर बेटी की पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी अनिल कुमार सक्सेना ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति संदीप, ससुर किशोर, सास रेनू के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।