बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बघौली-प्रतापनगर मार्ग पर बाइक में कंबाइन की टक्कर लगने से महिला की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। प्रभारी निरीक्षक के समझाने पर ग्रामीण माने। पुलिस ने कंबाइन को कब्जे में ले लिया है।
बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम नथानखेड़ा निवासी योगराज यादव बाइक से पत्नी सुनीता (35) को साथ लेकर दवा लेने सीतापुर के मिश्रिख गया था। वहां से वापस गांव नथानखेड़ा जा रहा था। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत प्रतापनगर-बघौली मार्ग पर किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप के निकट तेज रफ्तार कंबाइन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। घटना में सुनीता उछलकर सड़क पर जा गिरी और कंबाइन उसे रौंदते हुए निकल गई। मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। ग्रामीणों ने कंबाइन चालक पर लापरवाही का आरोप लगा हंगामा करना शुरू कर दिया। इसी दौरान ग्रामीणों ने मृतका के परिजनों के साथ मिलकर प्रतापनगर-बघौली मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया। ग्रामीण कंबाइन को कब्जे में लेने की मांग पर अड़े थे। इस पर प्रभारी निरीक्षक ने मृतका के पति से मौके पर ही तहरीर लेकर कंबाइन को कब्जे में ले लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।