पचदेवरा। थाना क्षेत्र के गांव के युवक ने फर्जी लेखपाल बनकर खेत की पैमाइश कराने के बहाने महिला से 70 हजार रुपये हड़प लिए। पीड़िता के लगातार टोकने पर उसे टरकाता रहा। सोमवार को पीड़िता आरोपी को दबोच कर पचदेवरा थाने ले गई।
पाली थाना क्षेत्र के ग्राम भरखनी निवासी मुनीशा ने दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके पति रियाजुद्दीन की कुछ वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। बताया कि डेढ़ वर्ष पूर्व वह खेत की पैमाइश कराने के लिए सवायजपुर तहसील गई थी। वहां पर पचदेवरा थाना क्षेत्र के गांव निवासी एक युवक मिला था। युवक ने खुद को हल्का लेखपाल बताकर जल्द पैमाइश कराने की बात कही थी। पीड़िता उसके झांसे में आ गई। इसके बाद युवक ने पैमाइश कराने के बहाने उससे 70 हजार रुपये ले लिए थे।
पीड़िता के लगातार कहने पर युवक उसे टकराता रहा। कुछ दिन पूर्व पीड़िता को युवक के लेखपाल न होने की जानकारी मिली। सोमवार को पीड़िता युवक को पकड़कर पचदेवरा थाने ले गई। जहां पर उसने पुलिस को घटना के बारे में जानकारी दी है। एसओ रमेश वर्मा ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है।