हरपालपुर। गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर गड़्ढे में बाइक जाने से पीछे बैठी महिला उछलकर गिर गई। उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अरवल थाना क्षेत्र के शेखपुर नगरिया निवासी अवधेश की पत्नी विमला (55) की बहन रामकली बेहथर गांव में रहती है।
विमला की बहू प्रेमशिला की तबीयत खराब थी। बृहस्पतिवार शाम विमला बहन रामकली के बेटे रिंकू को साथ लेकर बहू प्रेमशिला की दवा दिलाने पाली थाना क्षेत्र के बरगदिया गांव जा रही थी। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर सतौथा के पास बाइक का पहिया गड्ढे में चला गया। इसके कारण पीछे बैठी विमला उछलकर सिर के बल सड़क पर गिर गईं। उन्हें सीएचसी ले जाया गया। अधीक्षक डॉ. आनंद पांडेय ने बताया कि सिर में गंभीर चोटें आने से विमला की मौत हो गई है। मृतका के परिवार में दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। कोतवाल संदीप शुक्ला ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।