हरदोई। गांवों में पंचायतीराज विभाग की योजनाओं में लापरवाही और पंचायत सहायकों के कामों के शिथिल पर्यवेक्षण पर नौ पंचायत सचिवों को चेतावनी जारी की गई है। सांडी के खंड विकास अधिकारी ने तीन दिन में काम पूरा कराने की समयावधि दी है। कहा है कि काम पूरा न होने पर वेतन भी बाधित करा दिया जाएगा।
गांवों में पंचायतीराज विभाग की ओर से स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण में व्यक्तिगत शौचालयों की रेट्रोफिटिंग (पहले बने शौचालयों की जीर्णोद्धार) कराई जा रही है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हो रहे हैं और इसी आधार पर लक्ष्य तय किया गया है। सांडी के बीडीओ उदय वीर दुबे ने समीक्षा में पाया कि निकारी, ढिगासर, बैठापुर, बरन्नई चतरखा, खुटेहना, सादुल्लापुर, ककेड़ी, बेहटाहारी, कैखाई, श्रीमऊ, कुचिला बिजिना, मंगरौरा, म्योढ़ा, अंटवा सीसाला, बघराई, छितरामऊ, कोईलाई, नसीरपुर, शेखापुर, नंदना और चौसार में लक्ष्य के अनुरुप पर प्रगति नहीं हुई है। इस पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की और पंचायत सचिव नीरज वर्मा, विमल श्रीवास्तव, मनमोहन अग्रवाल, गिरिंद वर्मा, श्रीश कुमार मिश्रा, श्याम गौतम, नंदिनी गुप्ता, रविंद्र कुमार सिंह और अमित कुमार को चेतावनी जारी की है।