हरदोई। पटरियों की मरम्मत कार्य के चलते हरदोई-कौढ़ा और बालामऊ-बघौली स्टेशन के बीच पर दो रेलवे क्रासिंग से सड़क यातायात बंद रहेगा। कौढ़ा स्टेशन के नजदीक बलोवर फाटक और बघौली स्टेशन के पास पुरवा फाटक पर क्रासिंग बंद होने से वाहनों की आवाजाही बंद रहेगीत। इस दौरान वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से गुजारा जाएगा।
रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर पवन शर्मा ने बताया कि कौढ़ा स्टेशन के पास समपार संख्या 283-सी बलोवर फाटक पर 22 अक्तूबर सुबह सात बजे से 27 अक्तूबर शाम छह बजे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान वाहन कौढ़ा स्टेशन के पश्चिम में स्थित समपार संख्या 284-सी सेवा फाटक और 285-सी लालापुरवा फाटक से गुजारे जाएंगे। वहीं, बालामऊ-बघौली स्टेशन के बीच समपार संख्या 261-सी पुरवा फाटक पर 22 अक्तूबर सुबह सात बजे से 26 अक्तूबर शाम छह बजे तक सड़क यातायात बंद रहेगा। इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन पश्चिम दिशा में स्थित समपार संख्या 262-सी पहाड़पुर फाटक से निकल सकेंगे। रेलवे अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने और लोगों से कार्य में सहयोग की अपील की है।