हरदोई। सूअर चोरी के आरोपियों को पेड़ से बांधकर पीटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के धन्नूपुरवा का है।
शहर के आजाद नगर निवासी दो युवक बीते बुधवार को शहर कोतवाली क्षेत्र के धन्नूपुरवा गए थे। आरोप है कि दोनों ने सूअर चोरी कर लिए। इस दौरान धन्नूपुरवा निवासी सुभाष, मोनू व विवेक ने उन दोनों को देख लिया। गाली-गलौज करते हुए दोनों को पीट दिया।
पेड़ से दोनों के हाथ बांध दिए। दोनों के कपड़े फाड़ दिए। आसपास के लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती है। वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस ने आरोपियों की तलाश की।
पीड़ित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी सुभाष, मोनू व विवेक को गिरफ्तार कर लिया। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी की तलाश की जा रही है।