हरदोई। अगले वित्तीय वर्ष में कराए जाने वाले विकास कार्यों की वार्षिक कार्य योजना ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर अपलोड नहीं की जा रही है। कई बार सख्त ताकीद दिए जाने के बाद भी जिले के आठ विकास खंडों की 248 ग्राम पंचायतों की कार्य योजनाएं अपलोड नहीं हुई हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने संबंधित आठों विकास खंडों के एडीओ पंचायत के जरिये संबंधित ग्राम सचिवों को तीन दिन में कार्य योजना अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। अपलोड न करने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।
ग्राम पंचायतों को विकास कार्य कराने के लिए बजट उपलब्ध कराया जाता है। इस बजट का दुरुपयोग न हो और इसके खर्च में पारदर्शिता बनी रहे, इसी उद्देश्य से वार्षिक कार्य योजना तैयार कराई जाती है।
भुगतान की प्रक्रिया ऑनलाइन हो जाने के कारण पूरी कार्य योजना भी ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर अपलोड की जाती है। जिला पंचायत राज अधिकारी गिरीश चंद्र की ओर से कई बार ग्राम सचिवों को शतप्रतिशत ग्राम पंचायतों की कार्य योजना ई-स्वराज पर अपलोड करने के निर्देश दिए जा चुके हैं, फिर भी कार्य पिछड़ा हुआ है।
इन ब्लाकों की नहीं है अपलोड
बिलग्राम में 79 ग्राम पंचायते हैं। इसमें से 45 ग्राम पंचायतों की कार्य योजना अपलोड नहीं हुई है। इसी तरह हरियावां की 58 ग्राम पंचायतों में 32 की कार्य योजना अपलोड नहंीं है।
सांडी में 33, टोडरपुर में 34, माधौगंज में 35, मल्लावां में 19, शाहाबाद में 33 और कछौना में 17 ग्राम पंचायतों की कार्य योजना ई-ग्राम स्वरोज पोर्टल पर अपलोड की जानी है।