बघौली के ग्राम गदनपुर में तीन घरों में चोरी होने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच कर जांच करते ए
- फोटो : HARDOI
बघौली। थाना क्षेत्र के गदनपुर गांव में चोरों ने मंगलवार की रात एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बना लिया। दीवार फांदकर घरों में घुसे चोर 10 हजार रुपये समेत लगभग पांच-छह लाख रुपये की कीमत के जेवर चुरा कर फरार हो गए। पीड़ितों की ओर से तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की।
बघौली थाना क्षेत्र के गदनपुर गांव निवासी गयकोरा ने बताया कि उसका बेटा हरि कुमार पत्नी व बच्चों के साथ दिल्ली में रहकर मेहनत मजदूरी करता है। यहां वह घर पर अकेली रहती हैं। बताया कि मंगलवार की रात वह बरामदे में सो रही थीं।
देर रात दीवार फांदकर घर में घुसे चोरों ने कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़ दिया। चोरों ने बक्से में रखे बहू व पोती के लाखों रुपये के जेवर चुरा लिए। बेटे के मुताबिक घर में दस हजार रुपये समेत लगभग 2 लाख रुपये के जेवर रखे थे। पड़ोसी विश्वनाथ ने बताया कि उसका भाई प्रताप दिल्ली में परिवार के साथ रहकर काम करता है। यहां उसके मकान में ताला पड़ा हुआ था।
बताया कि देर रात पीछे से दीवार फांद कर घर में घुसे चोरों ने बक्से व अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे बर्तन व लगभग दो लाख रुपये की कीमत के जेवर चुरा लिए। चोरों ने गांव के ही राजपाल के घर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
राजपाल ने बताया कि उसके घर में घुसे चोर कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर एक लाख रुपये की कीमत के जेवर व बर्तन आदि चुरा लिए। एक साथ ही तीन घरों में चोरी होने से गांव में दहशत का माहौल हुआ है।
तीनों पीड़ितों की ओर से सूचना व तहरीर मिलने पर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की। एसओ सुभाष चंद्र सरोज ने बताया कि मामला संज्ञान में है, पुलिस टीम ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की है।