बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के दो
आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके विरुद्ध कार्रवाई कर
उनको जेल भेज दिया। घटना में एक आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर
रही है।
ज्ञात हो कि बेहटा गोकुल कसबे में पवन कुमार (40) पुत्र इंद्र
पाल की गांव निवासी गया प्रसाद, देवेंद्र व रामनाथ ने शराब को लेकर हुए
विवाद में कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी थी। घटना के विषय में मृतक की पत्नी
उर्मिला ने थाने में गया प्रसाद, देवेंद्र व रामनाथ के विरुद्ध रिपोर्ट
दर्ज कराई थी।
दर्ज कराई रिपोर्ट में उर्मिला ने आरोप लगाया था कि रामनाथ
ही पवन को घर से बुलाकर ले गया था। जहां पर उन तीनों लोगों ने उसकी हत्या
कर दी। उसने बताया कि एक साल पहले उसकी देवेंद्र से लड़ाई हो गई थी। उसी
रंजिश में उन लोगों ने उसके पति की हत्या कर दी।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज
कर आरोपियों की तलाश शुरू कर थी। थानाध्यक्ष नरेश चंद्र जौहरी के नेतृत्व
में टीम ने छापामार कर घटना में शामिल देवेंद्र व रामनाथ को धर दबोचा और
उनकी निशानदेही पर आला कत्ल भी बरामद कर लिया।
उन्होंने बताया कि मृतक भी
हत्या के मामले में आरोपी था। उसके विरुद्ध पचदेवरा थाने में मामला दर्ज
है। उन्होंने बताया कि तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही वह भी
पुलिस हिरासत में होगा।