संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। शराब के आदी पति ने मंगलवार की देर रात सो रही अपनी पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल पत्नी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है।
लोनार थाना क्षेत्र के बूटामऊ निवासी अनुराधा ने पुलिस को दी तहरीर मेें बताया कि पति विशुन प्रताप सिंह ने मंगलवार की देर रात सोते समय धारदार हथियार से उसपर हमला कर दिया। उसके सिर में गंभीर चोंटें आईं। परिजनों ने एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बावन पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
अनुराधा ने बताया खेती पर ध्यान न देकर पति शराब का आदी हो चुका है। पति 6 बीघा खेती बेचना चाहता है। मना करने पर आए दिन मारपीट करता है। इसी से नाराज पति ने सोते समय धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे पहले 22 मार्च को उसने मारपीट की थी। इसपर महिला ने यूपी 112 पर कॉल करके पुलिस बुलाई। पुलिस महिला के पति को पकड़कर थाने ले गई थी।