हरदोई। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि जनपद में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से मतदान संपन्न हुआ। इस कार्य में उनकी टीम ने अच्छी भूमिका निभाई। जिन अधिकारियों को जो भी दायित्व सौंपा गया था। उन्होंने उसे बखूबी निभाया।
कहा कि मीडिया प्रमाणन एवं मॉनीटरिंग कमेटी की नजर इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट एवं सोशल मीडिया में आने वाली प्रचार सामग्री पर लगातार बनी रही। आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों में चुनाव आयोग के निर्देशों के आलोक में त्वरित कार्रवाई की गई।
चुनाव संबंधी शिकायतों को दर्ज कराने के लिए सी-विजिल एप के विकल्प के साथ-साथ जनपद स्तर पर चुनाव आयोग के निर्देशों के क्रम में एक कंट्रोल रूम की स्थापना की गई, जिसमें प्राप्त होने वाली शिकायतों को संज्ञान में कार्रवाई की गई।
चुनाव में बूथ स्तर पर कई विभागों के सरकारी कर्मियों ने मतदान अधिकारी के रूप में दायित्वों को बखूबी निभाया। कहा कि मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाने में स्काउट गाइड की बुलावा टीमों ने काफी सक्रियता दिखाई।
बूथ पर सुरक्षा से जुड़े पुलिस अधिकारियों व कर्मियों, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और कई राज्यों से आए जवानों ने मुस्तैदी से अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
मतदान के काफी पहले से मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप कार्यक्रमों की एक विस्तृत कार्ययोजना के अनुसार जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने लोकतंत्र इस उत्सव में सहभागिता के लिए सभी का उत्साहवर्धन किया है।