हरदोई। जिले की आठों विधानसभा सीटों के लिए मतदान संपन्न हो चुका है। मतदान के बाद अब लोग मतगणना का इंतजार कर रहे हैं।
मतगणना 10 मार्च को होनी है और मतगणना के लिए अभी करीब 11 दिन शेष रह गए है। ऐसे में मतगणना के लिए काउंटडाउन शुरू हो गया है। उधर, जीतहार को लेकर चर्चाओं का बाजार भी गर्म हो गया है।
चुनाव के परिणाम तो मतगणना होने के बाद ही पता चलेंगे, मगर हर कोई जिलेेे के चुनाव परिणामों को लेकर अपने-अपने गणित लगा रहे हैं। चर्चाओं का आलम यह है कि गांव हो या फिर शहर हर कोई चुनाव परिणामों को लेकर बात कर रहा है।
कोई किसी को जिता रहा है तो कोई किसी को हरा भी रहा है। हर कोई अपने गणितों को सटीक बताने के लिए तरह तरह के समीकरणों को गिनाने लगता है।
इस तरह के नजारे गांव से लेकर शहर तक देखने को मिल रहे हैं। इस बार कोरोना टाइम के चलते चर्चाओं को लेकर दुकानों या फिर सार्वजनिक स्थलों पर ज्यादा लोगों मजमा नहीं है।
यह अलग बात है कि गांवों में लोगों की एक साथ बैठकी हो जाती है। शहर में इक्का दुक्का स्थानों ही कुछ लोग इस ओर चर्चा करते नजर आते हैं। दो चार लोगों से ज्यादा संख्या नहीं होती है, मगर चर्चा में जानने की उत्सुकता जरूर रहती है।
इस दौरान सब अपनी अपनी गणित की चर्चा करने लगते हैं। जिले की आठ विधानसभा सीटों में सवायजपुर, शाहाबाद, संडीला, हरदोई सदर, मल्लावां-बिलग्राम कुल पांच सीटें सामान्य है
जबकि गोपामऊ, सांडी, बालामऊ सहित कुल तीन सीटें आरक्षित हैं। सभी सीटों पर प्रमुख दलों सहित करीब 85 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे थे। गत चुनाव में भाजपा ने आठ में सात सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी।