हरदोई। शहर के फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए मंगलवार को नगर निकाय की टीम ने अभियान चलाया। साप्ताहिक बंदी के दिन सदर बाजार में चलाए गए अभियान में फुटपाथ तक लगाई गई सामग्री को टीम ने जब्त किया। वहीं साप्ताहिक बंदी के दिन दुकान खोलने और दोबारा फुटपाथ पर अतिक्रमण किए जाने पर जुर्माना और कार्रवाई की चेतावनी दी गई। तय सीमा में ही दुकान लगाने के लिए कहा गया।
अधिशासी अधिकारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि टीम ने अभियान के दौरान बंदी के दिन दुकान खोलने और फुटपाथ तक अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की है। टीम में अतिक्रमण प्रभारी अमित सिंह चौहान, आशीष अवस्थी, निकाय कर्मी और पुलिस फोर्स ने कई दुकानों से सामग्री को जब्त किए जाने के साथ ही कई दुकानदारों को फुटपाथ पर कब्जा न किए जाने की चेतावनी दी है। सदर बाजार में भी सब्जी विक्रेताओं को टीम ने समझाया कि फुटपाथ को घेर दुकान न लगाई जाए। तय स्थान पर ही सब्जी की दुकानों को संचालित करें। इससे आम जनमानस को आवागमन में समस्या नहीं होगी।