फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलीगढ़ मे बैंक के कैश रूम तक पहुंचा बालक, थैले में भर लिए रुपये

Wed, 10 Feb 2021 03:01 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
विज्ञापन
demo pic... - फोटो : PTI
विज्ञापन

मंगलवार की दोपहर कस्बे की केनरा बैंक शाखा में दस साल का एक बालक थैला लेकर कैश रूम तक पहुंच गया। 500, 200 और 100 रुपये वाले नोटों की करीब पांच लाख रुपये की गड्डियां थैले में भर लीं। इसके बाद थैले में भरे रुपये लेकर जाने लगा तभी बैंक कर्मियों की नजर पड़ गई और उसे पकड़ लिया। पुलिस पकड़े गए बालक के परिवार की तलाश में जुट गई है जिनकी लोकेशन मध्यप्रदेश में मिल रही है। वहीं पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश में है कि उक्त बालक किसी गैंग के लिए तो नहीं काम कर रहा?

विज्ञापन


दोपहर करीब 12:15 बजे बैंक कर्मी मनीष कैश काउंटर का केबिन बंद कर लघुशंका के लिए चले गए। इसी बीच दस साल का एक बालक केबिन का दरवाजा खोलकर अंदर घुस गया। उसने थैले में करीब पांच लाख रुपये भर लिए। छोटा बालक होेने से तब तक केबिन के अंदर वह किसी की नजर में नहीं आया। इसी बीच कैश काउंटर के अंदर आवाज होने पर बैंक अधिकारी पुष्पेंद्र की नजर घूमी तो उन्होंने अंदर बालक को पकड़ लिया।


उसके पास से थैले में भरे रुपये बरामद हुए। यह देख बैंक कर्मियों को होश उड़ गए। वहां मौजूद ग्राहक भी दंग रह गए। बैंक के बाहर मौजूद पुलिस कर्मी अंदर पहुंच गए। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह अपनी मां के साथ बैंक में आया था लेकिन उसकी मां का पता नहीं चल सका। सीसीटीवी में बालक की पूरी करतूत कैद हो गई। उसके बताए मोबाइल नंबर पर पुलिस ने संपर्क किया तो पिता ने मध्यप्रदेश में होने की बात कहकर फोन काट दिया। पुलिस सीसीटीवी के जरिए यह पता लगाने की कोशिश में है कि वह किसके साथ बैंक तक पहुंचा।
विज्ञापन


बालक को छोड़ दो, वह अपने ठिकाने पर पहुंच जाएगा
पुलिस की पूछताछ में बालक ने मध्य प्रदेश का निवासी बताकर एक फोन नंबर दिया। पुलिस ने उस नंबर पर फोन किया तो जवाब मिला कि उसे छोड़ दो। वह अपने ठिकाने पर पहुंच जाएगा। इसके बाद फोन कट गया। फिर कई प्रयास पर फोन रिसीव नहीं हुआ। उसे लेने के लिए भी कोई पुलिस चौकी नहीं पहुंचा। उधर पुलिस के तमाम सवालों पर पकड़ा गया बालक रटा रटाया जवाब दोहरा रहा है। पुलिस को आशंका है कि बैंक और दुकानों में चोरी करने वाला कोई नया गैंग सक्रिय हो गया है।

- पूछताछ में बालक ने कुछ खास नहीं बताया। उससे मिले मोबाइल नंबर की लोकेशन मध्यप्रदेश में मिल रही है। उक्त मोबाइल नंबर की डिटेल निकलवाई जाएगी। बैंक से तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -सुदेश गुप्ता, सीओ अतरौली, अलीगढ़।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें