हरदोई। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ मूल पहचान पत्र भी लाना होगा। जिले के 25 केंद्रों पर रविवार सुबह दो पालियों में परीक्षा होगी।
राजकीय इंटर कॉलेज में शनिवार को हुई कक्ष निरीक्षकों की बैठक में प्रभारी प्रधानाध्यापक सुधाकर वाजपेयी ने बताया कि सुबह की पाली 10 बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक एवं दोपहर की पाली ढाई बजे से शाम पांच बजे तक परीक्षा होगी। परीक्षार्थियों को प्रवेश के लिए अपना मूल प्रवेश पत्र, मूल पहचान पत्र, प्रशिक्षण योग्यता जैसे बीएड, डीएलएड या बीटीसी की एक अटेस्टेड कापी लाना होगा। इसे देखने के बाद ही प्रवेश मिलेगा। परीक्षार्थियों को काले प्वाइंट के बाल पेन का ही इस्तेमाल करना है। कोई भी इलेक्ट्रानिक डिवाइस परीक्षा केंद्र के अंदर नहीं जाने दी जाएगी।
परीक्षा केंद्रों पर चला तैयारियों का दौर
हरदोई। जिले में प्रथम पाली में 25 केंद्रों पर परीक्षा होगी। जबकि द्वितीय पाली में 15 सेंटरों पर परीक्षा होगी। प्रथम पाली में 15151 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे और द्वितीय पाली में 9405 परीक्षार्थियों का परीक्षा देना निर्धारित है। द्वितीय पाली में 15 केंद्रों पर परीक्षा होगी। परीक्षा केंद्रों पर शनिवार को दिन भर तैयारियों का दौर जारी रहा। परीक्षा केंद्रों के कक्षों की साफ सफाई से लेकर सीटों पर अनुक्रमांक आदि भी लिखे गए।