हरदोई। जनपद के अलग-अलग थानों में आयोजित हुआ थाना समाधान दिवस रस्म अदायगी तक सीमित रहा। मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में लगाए जाने के कारण अधिकांश राजस्वकर्मी समाधान दिवस में नहीं पहुंचे। अधिकारियों ने शिकायतें सुनीं और फरियादियों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सांडी में प्रभारी एसओ तौफीक ने शिकायतें सुनीं। यहां कुल 26 शिकायतें दर्ज की गईं, जिसमें से एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं किया जा सका। हरियावां थाने में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन नहीं किया गया। सुबह थाने पहुंचे फरियादियों ने पुलिसकर्मियों से जानकारी की तो पता चला कि राजस्वकर्मियों की ड्यूटी मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में लगी है। इसलिए समाधान दिवस नहीं आयोजित किया गया। इस पर फरियादी निराश होकर लौट गए। शाहाबाद कोतवाली में एसएसआई इफ्तखार हुसैन व सरदारगंज चौकी प्रभारी विजय शुक्ला ने शिकायतें सुनीं। यहां राजस्वकर्मियों की अनुपस्थिति के कारण मामला औपचारिकता तक ही सिमटा रहा।
हरपालपुर कोतवाली में तहसीलदार सवायजपुर नारायण सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। यहां सात शिकायतें आईं। एक का भी निस्तारण नहीं किया जा सका। यहां राजस्व निरीक्षक राजेंद्र त्रिवेदी व प्रभारी कोतवाल मारकंडेय सिंह आदि मौजूद रहे। अरवल थाने में नायब तहसीलदार सुशील कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में सात शिकायत आई। एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया। इस मौके पर अरवल एसओ राजपाल सिंह समेत स्टॉफ मौजूद रहा।