फोटो-21-जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के अवकाश अब ऑनलाइन पर ही स्वीकृत होंगे। डीआईओएस ने बताया कि मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से ही अवकाश स्वीकृत होंगे।
शासन के निर्देश के बाद माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इसे अमल में लाने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शिक्षकों की डाटा फीडिंग के कार्य को एक सप्ताह में निपटाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जिले के 43 राजकीय उच्चतर माध्यमिक, आठ राजकीय इंटर कॉलेजों एवं तीन दीनदयाल इंटर कालेजों में कार्य करने वाले शिक्षकों की संख्या करीब 284 प्रधानाचार्य, शिक्षक, बाबू व चपरासी हैं।
इनको ईएल, सीएल, अर्जित अवकाश, मेडिकल और मातृत्व अवकाश के लिए पोर्टल पर ही आवेदन करना होगा। शिक्षक निदेशक माध्यमिक की ओर से इस संबंध में अन्य जनपदों के साथ इस जनपद में भी दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
इसको लेकर मानव संपदा पोर्टल पर सभी राजकीय शिक्षकों का शत प्रतिशत डाटा फीड कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक वीके दुबे ने बताया कि डाटा फीडिंग के बाद इसका सत्यापन भी कराया जाना है। ताकि त्रुटियां न हो। उन्होंने बताया कि सभी प्रधानाध्यापकों से जानकारियां मांग ली गईं हैं।
फीडिंग का कार्य तेज: डीआईओएस
डीआईओएस वीके दुबे ने बताया कि शासनादेशों के निर्देश पर फीडिंग का कार्य चल रहा है। जल्द ही फीडिंग समाप्त होने के बाद इस नवीन व्यवस्था को लागू कर दिया जाएगा।